पाहरुआ कलां का ऐतिहासिक कछुआ तालाब बनेगा जैव विविधता संरक्षण का मॉडल केंद्र![]()
जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के दिए निर्देश
टेन न्यूज़ ii 16 जून 2026 ii डीपी सिंह, डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर। जनसहभागिता, पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत विकास खंड मिर्जापुर के ग्राम पाहरुआ कलां स्थित ऐतिहासिक कछुआ तालाब को जैव विविधता संरक्षण के मॉडल केंद्र के रूप में विकसित किए जाने की तैयारी शुरू हो गई है। इस संबंध में जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह एवं ब्लॉक प्रमुख प्रियांशु रघुवंशी ने तालाब का स्थलीय निरीक्षण कर संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के लिए विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नालियों को बड़े नाले से जोड़ा जाए। इसके साथ ही तालाब के चारों ओर पाथ-वे निर्माण, व्यापक वृक्षारोपण, स्वच्छता और प्राकृतिक आवास संरक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। उन्होंने नेचर बेस्ड सॉल्यूशन (प्रकृति आधारित समाधान) अपनाकर इस स्थल को आदर्श जैव विविधता संरक्षण केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया।
ब्लॉक प्रमुख प्रियांशु रघुवंशी ने कछुआ तालाब को क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहर बताते हुए इसके संरक्षण में जनसहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह स्थल केवल जलाशय नहीं बल्कि स्थानीय आस्था और प्राकृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है।
जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने भगवान विष्णु के कूर्म अवतार का उल्लेख करते हुए कछुओं के धार्मिक एवं पारिस्थितिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बीते कई दिनों से चल रहे स्वच्छता एवं श्रमदान अभियान के परिणामस्वरूप तालाब का मूल स्वरूप फिर से उभरकर सामने आया है और आगामी दो माह में इसे और अधिक विकसित एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जाएगा। उन्होंने ग्रामवासियों, युवाओं एवं स्वयंसेवी संगठनों से इस संरक्षण अभियान को जनआंदोलन का रूप देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता एवं श्रमदान अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रेम सरन शर्मा, ऋषि सिंह, देवसरन शर्मा, धर्मेन्द्र सिंह, रंजीत, अजय शर्मा, बदन सिंह एवं सुरजन सिंह को “कछुआ मित्र सम्मान” प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं ब्लॉक प्रमुख प्रियांशु रघुवंशी एवं लोक भारती महानगर संयोजक आलोक मिश्रा को भगवान विष्णु के कूर्म अवतार की प्रतिमा भेंट कर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।
वरिष्ठ शिक्षाविद बृज किशोर शर्मा ने जिलाधिकारी को स्मृति चिन्ह भेंट कर ग्राम विकास एवं तालाब संरक्षण के प्रयासों के प्रति कृतज्ञता जताई। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प भी लिया गया।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सुखवीर सिंह, तहसीलदार सृजत कुमार, क्षेत्रीय वनाधिकारी विशाल रावत, खंड विकास अधिकारी धर्मेश चंद्र, कानूनगो सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला परियोजना अधिकारी डॉ. विनय कुमार सक्सेना ने किया।
“कछुआ तालाब का संरक्षण केवल एक जलाशय को बचाने का प्रयास नहीं, बल्कि हमारी प्राकृतिक विरासत, जैव विविधता और सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करने का संकल्प है।” — जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह