श्री गुरु अर्जन देव जी का शहीदी पर्व श्रद्धा और भक्ति भाव से मनाया गया![]()
टेन न्यूज ii 22 जून 2026 ii रामवीर, फरीदपुर
बरेली। बरैली जनपद के फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र के ग्राम मेवा पट्टी स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु नानक देव दरबार तरा मेवा में सिखों के पांचवें गुरु गुरू अर्जन देव का शहीदी पर्व श्रद्धा, आस्था और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संगत के बीच ठंडे शरबत का वितरण किया गया तथा पावन स्थल पर भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ।
भजन-कीर्तन कार्यक्रम में संत बाबा करम सिंह और भाई मनजिंदर सिंह ने मधुर वाणी में गुरुबाणी और भजन प्रस्तुत कर संगत को भाव-विभोर कर दिया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक कीर्तन का आनंद लिया और गुरु चरणों में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्रद्धालुओं का मानना है कि इस पावन स्थान पर बाबा श्री चंद महाराज की विशेष कृपा बनी रहती है। समागम में बड़ी संख्या में भक्तों ने हाजिरी लगाई। कार्यक्रम के समापन के बाद प्रसाद स्वरूप भंडारे का वितरण किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस पावन स्थान के मुख्य सेवादार बाबा दलविंदर सिंह हैं। बताया जाता है कि यहां प्रत्येक रविवार को भजन-कीर्तन का आयोजन होता है। श्रद्धालुओं के अनुसार जो भी भक्त यहां सच्चे मन से मन्नत मांगता है, उसकी मनोकामना पूर्ण होती है। यह धार्मिक स्थल टिशुआ स्टेशन के पास ग्राम पंचायत गल्थुआ में स्थित है।