जनता को विभागों के चक्कर से मिले मुक्ति, हर जिले में बने “वन सेंटर”एकीकृत जन सेवा केंद्र : विकास राजपूत, भाजपा नेता

टेन न्यूज़ !! २५ सितम्बर २०२६ !! तौफीक फारुकी ब्यूरो
फर्रुखाबाद । भाजपा नेता एवं समाजसेवी विकास राजपूत ने प्रदेश के प्रत्येक जिले में ‘वन सेंटर (एकीकृत जन सेवा केंद्र)’ स्थापित किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों पर सभी प्रमुख विभागों के एक-एक अधिकृत अधिकारी की तैनाती होनी चाहिए, ताकि आम जनता को केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर आसानी से मिल सके।
विकास राजपूत ने कहा कि सरकार आम लोगों के हित में विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है, लेकिन कई बार विभागीय स्तर पर समन्वय की कमी और अधिकारियों की लापरवाही के कारण जनता को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि अक्सर लोग एक विभाग से दूसरे विभाग के चक्कर लगाते हैं और उन्हें यह कहकर वापस कर दिया जाता है कि संबंधित कार्य किसी अन्य विभाग से जुड़ा है।
उन्होंने कहा कि यदि एक ही केंद्र पर सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहें, तो लोगों की समस्याओं का समाधान तेजी से किया जा सकेगा। साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी एवं उनका लाभ पात्र लोगों तक सीधे पहुंचाने में भी सुविधा होगी।
राजपूत ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर प्रदेश के सभी जिलों में इस प्रकार के “एकीकृत जन सेवा केंद्र” स्थापित करने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि इस व्यवस्था से सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में समन्वय बढ़ेगा और आम जनता को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिल सकेगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री से इस प्रस्ताव पर जल्द निर्णय लेकर इसे लागू करने का आग्रह किया, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके और प्रदेश के विकास कार्यों में गति आए।