कसरक गांव में अल्ट्राटेक सीमेंट कम्पनी ने लगवाया निःशुल्क मेगा हेल्थ कैम्प

क्षेत्रीय विधायक वीर विक्रम सिंह ने किया शुभारंभ, ग्रामीणों को मिला निःशुल्क इलाज
टेन न्यूज।। 31 अगस्त 2025।। रिपोर्ट: डीपी सिंह@पप्पू अंसारी, लोकेशन: शाहजहाँपुर
शाहजहाँपुर जनपद के कटरा क्षेत्र में अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड के सार्थक प्रयासों से कसरक उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में भव्य मेगा हेल्थ कैम्प का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक वीर विक्रम सिंह ने सरस्वती वंदना के साथ फीता काटकर किया।
कैम्प में अस्पताल के चिकित्सकों की टीम ने महिला, पुरुष एवं बच्चों का पंजीकरण कर उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया और निःशुल्क दवाएं वितरित कीं। इस दौरान सैकड़ों ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

विधायक ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि “बेटा-बेटी में कोई भेदभाव न करें, सभी को शिक्षा दिलाना प्रत्येक परिवार की जिम्मेदारी है।” उन्होंने महिलाओं से भी बच्चों को पढ़ाने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में स्कूल परिसर में वृक्षारोपण किया गया तथा उपस्थित ग्रामीणों को एक-एक पौधा भी वितरित किया गया।

इस अवसर पर विधायक वीर विक्रम सिंह, सर्वेश कश्यप, अमित सिंह, बबलेश कुमार, अल्ट्राटेक कम्पनी के पदाधिकारी दिनेश कुमार गुप्ता, आशीष रस्तोगी, चंद्रकांत, डॉ. प्रियंका आर्य व टीम, अस्पताल के चिकित्सक, स्कूल स्टाफ सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
टेन न्यूज़ के लिए शाहजहाँपुर कटरा से डीपी सिंह@पप्पू अंसारी की रिपोर्ट






