• Sat. Apr 18th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

Up Lok Sabha Result 2024: सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की कन्नौज ऐतिहासिक जीत, पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जश्न का माहौल

ByTen News One Desk

Jun 5, 2024
375 Views

Up Lok Sabha Result 2024: सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की कन्नौज ऐतिहासिक जीत, पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जश्न का माहौल



टेन न्यूज़ !! 05 जून २०२४ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, कन्नौज


समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कन्नौज की सीट एक बार फिर जीत ली। उन्होंने भाजपा के सांसद सुब्रत पाठक को रिकॉर्ड 170922 वोटों के भारी अंतर से हराया। पिछली बार इस सीट पर सुब्रत पाठक ने नजदीकी मुकाबले में यह सीट सपा से छीन ली थी। इस बार अखिलेश यादव ने उस हार की कसर दूर कर ली। बसपा शुरू से ही कमजोर साबित हुई। अखिलेश यादव की जीत से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जश्न का माहौल है।

मंगलवार को शहर की गल्ला मंडी में वोटों की गिनती सुबह निर्धारित आठ बजे से शुरू हो गई। पहले बैलेट पेपर की गिनती की गई। उसके बाद करीब नौ बजे से ईवीएम में पड़े वोट गिने गए।

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने बैलेट पेपर में मिले वोट से ही बढ़त बनानी शुरू कर दी, जो कि आखिर तक बढ़ती चली गई। आखिरी राउंड की गिनती के बाद अखिलेश यादव को 170922 वोटों से विजेता घोषित किया गया।

अखिलेश यादव को कुल 642292 वोट मिले। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के सुब्रत पाठक 471370 वोट पाकर दूसरे नंबर पर रहे। बसपा के इमरान बिन जफर अपना कोई कमाल नहीं दिखा सके। वह हर राउंड की गिनती में तेजी से पिछड़ते दिखे। वह कुल 81639 लाकर तीसरे नंबर पर रहे। यहां से कुल 15 उम्मीदवार मैदान में थे। बाकी के 12 उम्मीदवार भी कोई कमाल नहीं कर सके। वह सभी नोटा को मिले वोट से भी पीछे रहे।

मंगलवार को हुई वोटों की गिनती के दौरान मुख्य लड़ाई सपा और भाजपा के बीच ही रही। जिसमें सपा ने बड़ी जीत हासिल की। भाजपा दूसरे नंबर पर रही। बसपा भले ही 81471 वोट लाकर तीसरे नंबर पर रही, लेकिन वह अपनी जमानत नहीं बचा सकी। उनके साथ ही बाकी के सभी 12 उम्मीदवार भी अपनी जमानत गंवा बैठे।

इसमें राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के आलोक वर्मा, भारतीय कृषक दल के प्रमोद यादव, भारतीय किसान परिवर्तन पार्टी के शैलेंद्र कुमार, भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के सुनील, ऑल इंडिया फाॅरवर्ड ब्लॉक के सुभाष चंद्र, निर्दलीय, इरफान अली, पुरुषोत्तम तिवारी, भानू प्रताप सिंह, यादवेंद्र किशोर, राज कठेरिया, ललित कुमारी और सनोज कुमार शामिल हैं।

पिछली बार 2019 के चुनाव में यहां से ऐतिहासिक जीत हासिल करने वाले भाजपा के सुब्रत पाठक को इस बार न सिर्फ बड़े अंतर से हार मिली, बल्कि वह पिछली बार के वोट से काफी पीछे रह गए। पिछले चुनाव में कन्नौज संसदीय की पांचों विधानसभा सीट पर कुल 11,40,985 वोट पड़े थे। इसमें से भाजपा के सुब्रत पाठक को 5, 63,087 वोट मिले थे।

जबकि सपा की डिंपल यादव को 5,50,734 वोट मिले थे। नजदीकी मुकाबले में भाजपा को 12353 वोट से जीत मिली थी। इस बार 1214886 वोट पड़े हैं। जो कि पिछली बार से 73901 वोट ज्यादा है। सुब्रत पाठक को इस बार पिछली बार के मुकाबले 91 हजार से ज्यादा वोट कम मिले। जबकि सपा को पिछली बार के मुकाबले 91 हजार वोट ज्यादा मिले।

वोटों की गिनती के बाद मंगलवार की देर शाम प्रशासन ने नतीजों का ऐलान कर दिया। इसमें अखिलेश यादव को विजेता घोषित किया गया है। वहीं बुधवार को जिलाधिकारी ने उन्हें जीत का प्रमाण पत्र सौंपा है।

उम्मीदवारों को मिले वोट
– सपा अखिलेश यादव : 642292
– भाजपा सुब्रत पाठक : 471370
– बसपा इमरान बिन जफर : 81639
– राष्ट्रीय शोषित पार्टी आलोक वर्मा : 4492
– भारतीय किसान परिवर्तन पार्टी शैलेंद्र कुमार : 1151
– ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक सुभाष चंद्र : 801
– भारतीय शक्ति चेतना पार्टी सुनील : 739
– भारतीय कृषक दल प्रमोद कुमार यादव : 560
– निर्दलीय ललित कुमारी : 3267
– निर्दलीय सिनोद कुमार : 1733
– निर्दलीय राज कठेरिया : 1464
– निर्दलीय भानु प्रताप : 1432
– निर्दलीय यादवेंद्र किशोर : 1062
– निर्दलीय पुरुषोत्तम तिवारी : 543
– निर्दलीय इरफान अली : 470
– नोटा : 4818

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!