छह माह से बंद रेलवे फाटक कसरक-कटरा पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, आंदोलन की चेतावनी![]()
टेन न्यूज़ ii 31 जुलाई 2026 ii रिपोर्टर: पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। फ्लाईओवर निर्माण के चलते पिछले छह माह से बंद पड़े रेलवे फाटक संख्या 341/SPL को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश शुक्रवार को खुलकर सामने आया। बड़ी संख्या में ग्रामीण रेलवे फाटक पर एकत्र हुए और रेल प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर तत्काल वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने की मांग की। प्रदर्शन के बाद मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम), मुरादाबाद के नाम संबोधित ज्ञापन कटरा थाना प्रभारी अवधेश कुमार सेंगर को सौंपा गया।
ग्रामीणों ने बताया कि फाटक बंद होने के बाद दर्जनों गांवों के हजारों लोगों को रोजाना 10 से 11 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। स्कूली बच्चों, मरीजों, किसानों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और महिलाओं को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में एंबुलेंस को भी लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। बरसात में जलभराव और खराब रास्तों ने समस्या को और गंभीर बना दिया है।
ग्रामीणों ने मांग की कि फ्लाईओवर का निर्माण पूरा होने तक 341/SPL या 342/SPL में से किसी एक फाटक को पैदल यात्रियों, मोटरसाइकिलों और ई-रिक्शा के लिए खोला जाए। साथ ही सुरक्षा के लिए रेलकर्मियों या गार्ड की तैनाती की जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो मंगलवार से बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन और जन आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी रेल प्रशासन की होगी।