नाबालिग के अपहरण व पॉक्सो एक्ट में वांछित आरोपी गिरफ्तार
टेन न्यूज़ ii 16 मई 2026 ii पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा, शाहजहाँपुर।
थाना कटरा पुलिस ने नाबालिग किशोरी के अपहरण एवं पॉक्सो एक्ट के गंभीर मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार सेंगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, थाना कटरा क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति द्वारा तहरीर देकर उसकी नाबालिग पुत्री के संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता होने की सूचना दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच प्रारंभ की। विवेचना के दौरान पीड़िता के बयान, मेडिकल रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में अपहरण, दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराएं बढ़ाई गईं।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना प्रभारी ने पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश तेज कर दी। शनिवार सुबह मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम खिरिया सक्टू स्थित बीरमपुर मोड़ हाईवे तिराहे के पास घेराबंदी कर आरोपी लालू पुत्र हीरालाल निवासी ग्राम बिलौआ, थाना फरीदपुर, जनपद बरेली को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक हसनैन अली एवं आरक्षी सन्नी तोमर शामिल रहे। थाना कटरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
