• Sat. Aug 15th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

दवा लेकर लौट रहे युवक की कंटेनर की टक्कर से दर्दनाक मौत, बाइक व कंटेनर में लगी आग

ByTen News One Desk

Jul 24, 2026
30 Views

दवा लेकर लौट रहे युवक की कंटेनर की टक्कर से दर्दनाक मौत, बाइक व कंटेनर में लगी आग


टेन न्यूज़ !! २४ जुलाई २०२६ !! अमुक सक्सेना

तिलहर (शाहजहांपुर)। कोतवाली क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम बंथरा ओवरब्रिज के पास गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक कंटेनर के पहिए में फंस गई और घिसटने से दोनों वाहनों में आग लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आग पर काबू पाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, थाना सिधौली क्षेत्र के गांव पैगापुर निवासी सत्यम गुरुवार को बंथरा स्थित मेडिकल कॉलेज में दवा लेने आए थे। दोपहर करीब 2:30 बजे दवा लेकर बाइक से घर लौटते समय बंथरा ओवरब्रिज पर बरेली की ओर से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने पीछे से उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सत्यम की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे के बाद बाइक कंटेनर के पिछले पहिए में फंसकर काफी दूर तक घिसटती रही। घर्षण से निकली चिंगारी और पेट्रोल रिसाव के कारण बाइक में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते कंटेनर को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों से कुछ देर के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आग बुझवाकर कंटेनर के नीचे फंसे युवक के शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है तथा मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!