राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ समापन, सुरक्षित यातायात का दिया संदेश
टेन न्यूज ii 08 फरवरी 2026 ii ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल औरैया।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह जनवरी-2026 का भव्य समापन समारोह मंगलवार को मानस सभागार, कलेक्ट्रेट ककोर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता का संदेश दिया गया।
समारोह में विभिन्न विद्यालयों के 180 से अधिक छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा से संबंधित गतिविधियों में सहभागिता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रमाण पत्र, स्मृति चिन्ह, चश्मा तथा हेलमेट वितरित किए गए।
जिलाधिकारी ने उपस्थित जनसमूह को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई और संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही सड़क सुरक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है और इसमें बच्चों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि सुरक्षित ड्राइविंग, हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग तथा गति सीमा का पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।
उन्होंने युवाओं से अपील की है कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम का संचालन एआरटीओ (प्रशासन/प्रवर्तन) एन.सी. शर्मा ने किया।
उन्होंने सड़क सुरक्षा माह के दौरान आयोजित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी और सभी विभागों, शिक्षण संस्थानों एवं आमजन के सहयोग की सराहना की।
समापन समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारी, यातायात पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने और नियमों के पालन का संकल्प लिया।






