कटरा में सपा की ताकत का प्रदर्शन: डॉ. भरत पटेल के समर्थन में विशाल जनसभा, दिग्गजों ने भरी हुंकार
टेन न्यूज़ ii 01 मई 2026 ii पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर । नगर पंचायत उपचुनाव के चलते कस्बे में सियासी माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। इसी कड़ी में अध्यक्ष पद के समाजवादी पार्टी प्रत्याशी डॉ. भरत पटेल के समर्थन में कटरा के ज्ञान गंगा स्कूल, तेवरगंज में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें भारी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।
सभा में मुख्य अतिथि के रूप में मिर्जापुर के पूर्व सांसद बाल कुमार पटेल ने शिरकत कर जनसमूह को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि विकास, पारदर्शिता और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए समाजवादी पार्टी ही एक मजबूत विकल्प है।
उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि आगामी मतदान में “साइकिल” के निशान पर मुहर लगाकर डॉ. भरत पटेल को भारी मतों से विजयी बनाएं।
सभा में पूर्व चेयरमैन सुकेश गुप्ता, पूर्व विधायक राजेश यादव, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी ज्योत्सना कश्यप और नदीम अंसारी सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने एकजुट होकर डॉ. भरत पटेल के पक्ष में माहौल बनाने और अधिक से अधिक समर्थन जुटाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. भरत पटेल ने सभा को सफल बनाने के लिए उपस्थित सभी नागरिकों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता का यह समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और इसी के बल पर वे क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
