मीरानपुर कटरा में डॉ. पूजा कसाना की बढ़ी चुनावी धमक, जनसंपर्क अभियान को मिल रहा जबरदस्त समर्थन
टेन न्यूज़ ii 01 मई 2026 ii पप्पू अंसारी,
मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर । नगर पंचायत उपचुनाव को लेकर कस्बे में सियासी सरगर्मी लगातार तेज होती जा रही है। अध्यक्ष पद के लिए ब्लॉक फॉरवर्ड पार्टी प्रत्याशी डॉ. पूजा कसाना का जनसंपर्क अभियान तेजी पकड़ता जा रहा है। डोर-टू-डोर संपर्क के दौरान उन्हें नगरवासियों का भरपूर समर्थन और आशीर्वाद मिलता दिखाई दे रहा है।
जनसंपर्क के दौरान डॉ. पूजा कसाना ने मतदाताओं से 5 मई को होने वाले चुनाव में उनके चुनाव चिन्ह “शेर” पर मोहर लगाकर भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राजनीति उनके लिए सत्ता का नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है। उनका उद्देश्य केवल वादे करना नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर ठोस विकास कार्य करना है।
डॉ. कसाना ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि पिछले कार्यकाल में नगर पंचायत की व्यवस्थाओं को लेकर जनता में काफी असंतोष रहा।
विकास कार्य अपेक्षित गति से नहीं हुए और पारदर्शिता को लेकर भी कई सवाल उठे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि जनता उन्हें मौका देती है तो उनकी प्राथमिकता साफ-सुथरा प्रशासन, पारदर्शिता और हर वार्ड तक समान रूप से विकास पहुंचाना होगा।
जनसंपर्क अभियान के दौरान महिलाओं और बुजुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिला। कई महिलाओं ने उन्हें गले लगाकर समर्थन का भरोसा दिया, जबकि बुजुर्गों ने आशीर्वाद देकर जीत की शुभकामनाएं दीं।
कस्बे में जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है, चुनावी माहौल और अधिक गर्माता जा रहा है। डॉ. पूजा कसाना को मिल रहा बढ़ता जनसमर्थन नगर पंचायत उपचुनाव के मुकाबले को बेहद दिलचस्प बनाता नजर आ रहा है।
