अधूरे मंदिर निर्माण पर घिरी पूर्व अध्यक्ष की कार्यशैली, सर्वेद अंसारी के समर्थन में उमड़ा जनसैलाब
टेन न्यूज़ ii 01 मई 2026 ii पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर । नगर पंचायत उपचुनाव को लेकर कस्बे में सियासी सरगर्मी चरम पर पहुंच चुकी है। इसी क्रम में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी एवं वर्तमान सभासद सर्वेद अंसारी के समर्थन में रामनगर कॉलोनी में भारी भीड़ देखने को मिली। जनसंपर्क अभियान के दौरान लोगों में खासा उत्साह नजर आया, जिसमें महिलाएं और युवा भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
जनसंपर्क के दौरान स्थानीय लोगों ने खुलकर अपनी समस्याएं सामने रखीं और पूर्व अध्यक्ष के कार्यकाल को लेकर नाराजगी जताई।
लोगों का कहना था कि वर्षों बीत जाने के बावजूद क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का विकास नहीं हो सका और कई योजनाएं अधूरी पड़ी हैं। खासकर भोले बाबा के मंदिर का अधूरा निर्माण लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा, जिस पर पूर्व अध्यक्ष की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
इस मौके पर सर्वेद अंसारी ने कहा, “जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना ही मेरी पहली प्राथमिकता है। जो विकास कार्य अब तक अधूरे हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। रामनगर कॉलोनी में अधूरे पड़े भोले बाबा के मंदिर का निर्माण भी जल्द पूर्ण कराया जाएगा।”
उन्होंने पूर्व अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विकास के नाम पर केवल वादे किए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर काम नहीं दिखा। “अब समय बदलाव का है, जनता खुद तय करेगी कि उसे काम चाहिए या सिर्फ आश्वासन,” अंसारी ने जोर देकर कहा।
अंत में उन्होंने जनता से समर्थन की अपील करते हुए कहा कि एक-एक वोट नगर के भविष्य को बदल सकता है। जनसंपर्क के दौरान उमड़ा जनसमर्थन यह संकेत दे रहा है कि सर्वेद अंसारी चुनावी मुकाबले में मजबूत स्थिति में नजर आ रहे हैं।
