• Wed. Jun 10th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

“गली में मौत बनकर झूल रहे बिजली के तार! शिकायत के बाद भी नहीं जागा बिजली विभाग”

ByTen News One Desk

May 13, 2026
34 Views

“गली में मौत बनकर झूल रहे बिजली के तार! शिकायत के बाद भी नहीं जागा बिजली विभाग”


टेन न्यूज़ !! १३ मई २०२६ !! रामजी पोरवाल ब्यूरो, औरैया 

औरैया के नगर पालिका परिषद क्षेत्र स्थित वार्ड भीखमपुर दयालपुर में झूलती एलटी विद्युत लाइनें स्थानीय लोगों के लिए बड़ा खतरा बन गई हैं। मकानों, दुकानों और स्कूल के सामने नीचे लटक रहे बिजली के तारों से मोहल्लेवासी लगातार दहशत में जी रहे हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद विभागीय अधिकारियों ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।

मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि विद्युत खंभों की कमी के कारण बिजली के तार काफी नीचे लटक रहे हैं, जो राह चलते लोगों के सिर तक छू जाते हैं। दयालपुर पानी की टंकी के पास और ट्रांसफार्मर वाली गली की स्थिति सबसे ज्यादा खराब बताई जा रही है। यहां स्कूल के बच्चों के लिए भी हर समय हादसे का खतरा बना हुआ है।

स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले करीब एक वर्ष से वे इस समस्या से परेशान हैं। मोहल्ला निवासी अजय कुमार ने 7 जुलाई 2025 को विद्युत विभाग के एसडीओ को लिखित ज्ञापन देकर बिजली के पोल लगवाने और झूलते तारों को सही कराने की मांग की थी। शिकायत में स्पष्ट रूप से बताया गया था कि कई स्थानों पर तार घरों के दरवाजों और स्कूल भवनों के बेहद करीब से गुजर रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद विभागीय अधिकारियों ने समस्या के समाधान की दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की।

मोहल्ले के नसीर, तनीम फातिमा, अकबर अली, खुशी लाल अहमद, वसीम अहमद, मोहम्मद हारुन, मोहम्मद हामिद और वसी अहमद सहित कई लोगों ने बताया कि जर्जर और झूलते तारों के कारण लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। खासकर बारिश और तेज हवा के दौरान खतरा और अधिक बढ़ जाता है। मोहल्लेवासियों ने विद्युत विभाग से जल्द समस्या का स्थायी समाधान कर विद्युत पोल लगवाने और तारों को दुरुस्त कराने की मांग की है।

— ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!