“जनगणना-2027 में शाहजहांपुर ने मारी बाजी! उत्कृष्ट कार्य करने वाले सुपरवाइजर और प्रगणक सम्मानित, प्रदेश में मिला पांचवां स्थान”

टेन न्यूज़ !! १३ मई २०२६ !! डीपी सिंह डेस्क@न्यूज़ शाहजहांपुर
शाहजहांपुर में जनगणना-2027 के अंतर्गत चल रहे स्वगणना अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सुपरवाइजर, प्रगणक एवं लिपिकों को जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने सम्मानित किया। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद तिलहर और तहसील पुवायां ग्रामीण क्षेत्र के कर्मचारियों को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित कर्मचारियों में नगर पालिका परिषद तिलहर के सुपरवाइजर हरीशकांत भारद्वाज, प्रगणक आयुषी द्विवेदी, आदेश कुमार, लिपिक मुकेश बाबू तथा तहसील पुवायां ग्रामीण क्षेत्र के सुपरवाइजर मनोज कुमार, प्रगणक ममता शुक्ला और सुखवंती कौर शामिल रहे। इन सभी ने अपने आवंटित क्षेत्रों में शत-प्रतिशत घरों तक पहुंचकर स्वगणना अभियान को सफल बनाया।![]()
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना-2027 अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सुपरवाइजर एवं प्रगणकों के विद्यालयों को अलग से धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे विद्यालयों के विकास कार्य कराए जा सकें। उन्होंने यह भी घोषणा की कि जो भी प्रगणक अपने क्षेत्र में शत-प्रतिशत सेल्फ एन्यूमरेशन पूर्ण करेंगे, उन्हें भी सम्मानित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि se.census.gov.in पोर्टल पर 7 मई 2026 से शुरू हुई स्वगणना प्रक्रिया 21 मई 2026 तक चलेगी। अब तक जनपद में 71 हजार परिवार स्वगणना कर चुके हैं, जिसके चलते शाहजहांपुर पूरे प्रदेश में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।
अभियान को और तेज करने के लिए 14 मई को सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों में पैरेंट्स मीटिंग, 15 मई को 1068 ग्राम पंचायतों में जागरूकता बैठक तथा 16 मई को कोटेदारों के माध्यम से राशन कार्ड धारकों की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा 18 मई को प्राथमिक सहकारी समितियों पर भी सेल्फ एन्यूमरेशन अभियान चलाया जाएगा।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार तथा अतिरिक्त मजिस्ट्रेट प्रियंका चौधरी मौजूद रहीं।