कटरा के अपना दल (एस) पदाधिकारियों ने कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल से की मुलाकात, संगठन मजबूती पर हुई चर्चा

टेन न्यूज़ !! १४ मई २०२६ !! पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा/लखनऊ ।
लखनऊ स्थित अपना दल (एस) के प्रदेश मुख्यालय पर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष Ashish Patel से पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शिष्टाचार भेंट कर संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की। इस दौरान पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने, आगामी राजनीतिक रणनीतियों और क्षेत्रीय जनसमस्याओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष एवं विधानसभा प्रभारी राजीव पटेल के नेतृत्व में बरेली परिक्षेत्र अध्यक्ष दानिश जीशान खाँ, शाहजहांपुर जिलाध्यक्ष सुनील पटेल, एडवोकेट सूर्य प्रकाश, डॉ. ओमपाल तथा व्यापारी नेता पुनीत गुप्ता मौजूद रहे। सभी पदाधिकारियों ने क्षेत्र में संगठन की स्थिति और जनता से जुड़े मुद्दों को मंत्री के समक्ष रखा।
कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी की नीतियों और सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं, किसानों और व्यापारियों के हितों को प्राथमिकता देने की बात कही तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए निरंतर जनसंपर्क अभियान चलाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मौजूद पदाधिकारियों ने पार्टी नेतृत्व के प्रति विश्वास जताते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का भरोसा दिलाया। बैठक का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और कार्यकर्ताओं ने संगठन हित में एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
