कन्नौज में 15-20 दिनों से जला ट्रांसफार्मर, ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से लगाई गुहार

टेन न्यूज़ !! १५ मई २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, कन्नौज, उत्तर प्रदेश।
कन्नौज जनपद के ग्राम कुडूपुर एवं उपकेंद्र क्षेत्र के ग्रामीणों और बिजली उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग की कार्यशैली से नाराज़ होकर जिलाधिकारी को शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले करीब 15-20 दिनों से क्षेत्र का ट्रांसफार्मर खराब पड़ा हुआ है, जिससे गांव की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
ग्रामीणों ने प्रार्थना पत्र में बताया कि 2 मई 2026 को कुतुबपुर गांव के पास लगा ट्रांसफार्मर जल गया था। इसके बाद से अब तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार विभागीय अधिकारियों, उपखंड अधिकारी (एसडीओ) तथा संबंधित कर्मचारियों से शिकायत की गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
भीषण गर्मी में बढ़ी परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति ठप होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं घरेलू कार्यों में भी बाधा आ रही है। बिजली न होने से पेयजल संकट भी गहराता जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है।
बिल भेजने पर उठाए सवाल
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि बिजली आपूर्ति न होने के बावजूद विभाग द्वारा लगातार विद्युत बिल भेजे जा रहे हैं। इसे लेकर लोगों में आक्रोश व्याप्त है। उनका कहना है कि जब बिजली मिल ही नहीं रही, तो बिल किस बात का लिया जा रहा है।
जांच व कार्रवाई की मांग
पीड़ित ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेकर नया ट्रांसफार्मर शीघ्र लगवाया जाए। साथ ही, संबंधित अधिकारियों की लापरवाही की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा उत्पन्न न हो।
ग्रामीणों को अब जिला प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है।
