“एक झपकी और पलट गया ट्रक” : फीलनगर मोड़ पर बड़ा हादसा टला, हाईवे पर मची अफरा-तफरी
टेन न्यूज ii 15 मई 2026 ii पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा, शाहजहांपुर। जलालाबाद रोड स्थित फीलनगर मोड़ पर देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पेपर रद्दी से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया और पलट गया। हादसा इतना जोरदार था कि ट्रक पलटने की आवाज दूर तक सुनाई दी। हालांकि राहत की बात यह रही कि चालक सुरक्षित बच गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार ट्रक चालक सतेंद्र सिंह भदौरिया निवासी बहुड़ापुर, ग्वालियर से पेपर रद्दी लादकर लालकुआं जा रहा था। चालक ने बताया कि उसका हेल्पर छुट्टी पर होने के कारण वह अकेले ही वाहन चला रहा था। रात करीब 12:40 बजे फीलनगर मोड़ के पास अचानक उसे नींद की झपकी आ गई, जिससे ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन डिवाइडर पर चढ़ते हुए सड़क पर पलट गया।
हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और ट्रक चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। दुर्घटना के चलते हाईवे पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारु कराया। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को सड़क किनारे हटवाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फीलनगर मोड़ हादसों का केंद्र बनता जा रहा है। यहां पहले भी कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों और राहगीरों ने प्रशासन से मोड़ पर चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर और सड़क सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
