• Fri. May 15th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

कटरा में “गैस सिलेंडर के लिए उमड़ी भीड़, एजेंसी पर मचा हंगामा” : पुलिस पहुंची तो संभली व्यवस्था

ByTen News One Desk

May 15, 2026
7 Views

कटरा में “गैस सिलेंडर के लिए उमड़ी भीड़, एजेंसी पर मचा हंगामा” : पुलिस पहुंची तो संभली व्यवस्था



टेन न्यूज़ ii 15 मई 2026 ii पप्पू अंसारी

मीरानपुर कटरा, शाहजहांपुर। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित सावित्री इंडियन गैस एजेंसी पर गुरुवार को गैस सिलेंडर लेने पहुंचे उपभोक्ताओं की भारी भीड़ के चलते अफरा-तफरी और हंगामे की स्थिति बन गई। सुबह से ही आसपास के गांवों और कस्बों से बड़ी संख्या में लोग घरेलू गैस सिलेंडर लेने एजेंसी पहुंचने लगे, जिससे एजेंसी परिसर के बाहर लंबी-लंबी कतारें लग गईं।

भीषण गर्मी के बीच घंटों इंतजार करने के बावजूद गैस वितरण में देरी होने पर कई उपभोक्ताओं ने नाराजगी जतानी शुरू कर दी। देखते ही देखते मौके पर हंगामे जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराकर व्यवस्था संभाली। पुलिस और एजेंसी कर्मचारियों ने मिलकर उपभोक्ताओं को लाइन में खड़ा कराया, जिसके बाद गैस वितरण दोबारा सुचारु रूप से शुरू कराया गया।

एजेंसी कर्मचारी प्रदीप कुमार ने बताया कि पिछली बार गैस सप्लाई करीब पांच दिन बाद पहुंची थी, जबकि इस बार तीसरे दिन ही सिलेंडरों की खेप आ गई। अचानक सप्लाई आने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में उपभोक्ता एजेंसी पर पहुंच गए, जिसके कारण भीड़ बेकाबू हो गई।

मौके पर अमर सिंह, अच्छन खान और शिक्षक सूरज ने भी लोगों को समझाने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया। स्थानीय लोगों ने एजेंसी पर अतिरिक्त स्टाफ और बेहतर प्रबंधन व्यवस्था की मांग की है, ताकि भविष्य में उपभोक्ताओं को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!