कटरा पुलिस का फायरिंग कांड का खुलासा: वांछित आरोपी दबोचा, तमंचा-कारतूस बरामद
टेन न्यूज ii 16 मई 2026 ii पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा, शाहजहाँपुर।
थाना कटरा पुलिस ने जानलेवा फायरिंग के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा एवं खोखा कारतूस भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 13 मई को ग्राम सुल्तानपुर निवासी वेदराम ने अपने भाई रमेश पर पुरानी रंजिश के चलते गोली चलाकर जान से मारने के प्रयास का मुकदमा थाना कटरा में दर्ज कराया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार सेंगर के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मनोज कुमार, सिपाही सद्दाम एवं पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर लाल पम्प के सामने शेरपुर मोड़ के पास घेराबंदी कर धनकपुर निवासी सूबेदार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में प्रयुक्त तमंचा झाड़ियों में छिपाने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने शेरपुर-सुल्तानपुर-धनेला तिराहे के पास झाड़ियों से .315 बोर का अवैध तमंचा तथा खोखा कारतूस बरामद किया।
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि पुरानी रंजिश एवं पारिवारिक विवाद के चलते आरोपी ने अपने साले के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। थाना कटरा पुलिस मामले की गहन विवेचना में जुटी हुई है।
