संपूर्ण समाधान दिवस में 53 शिकायतें, डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
टेन न्यूज ii 16 मई 2026 ii डीपी सिंह, डेस्क न्यूज, शाहजहाँपुर।
जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील सदर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 53 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 05 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जनसामान्य की शिकायतों को एक-एक कर सुनते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर बुलाकर समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप शिकायतों का प्रभावी एवं संतोषजनक निस्तारण किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूमि विवाद, जमीन की पैमाइश, अतिक्रमण, वरासत एवं खतौनी में त्रुटियों से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए शिकायतकर्ता के साथ मौके पर जांच कर नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, डीएफओ सचिन कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार पांडे, तहसीलदार प्रियंका चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
