Shahjahanpur News : नौकरी और शादी का झांसा देकर लाखों की ठगी, गिरोह का सहयोगी गिरफ्तार
फर्जी दस्तावेज तैयार कर पीड़िता से 30 लाख रुपये और जेवरात हड़पने का आरोप
व्हाट्सएप कॉल पर खुद को पिता बताकर देता था झांसा
टेन न्यूज ii 16 मई 2026 ii डीपी सिंह, डेस्क न्यूज, शाहजहाँपुर।
थाना जलालाबाद पुलिस ने नौकरी लगवाने, शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण, लाखों रुपये की धोखाधड़ी तथा कूटरचित दस्तावेज तैयार कर ठगी करने वाले गिरोह के एक सहयोगी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में अपराध की रोकथाम एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जलालाबाद पुलिस को यह सफलता मिली। पुलिस के अनुसार, 11 मई 2026 को पीड़िता की तहरीर पर थाना जलालाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि मुख्य अभियुक्त ने गलत नाम-पता और पद बताकर स्वयं को सरकारी अधिकारी बताया तथा सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर करीब 30 लाख रुपये और जेवरात हड़प लिए। इसके अलावा फर्जी जॉइनिंग लेटर एवं अन्य कूटरचित दस्तावेज उपलब्ध कराकर शादी का झांसा देते हुए शारीरिक संबंध बनाए गए।
मामले की विवेचना के दौरान मुख्य अभियुक्त सचिन शर्मा को 15 मई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है। जांच में यह भी सामने आया कि जितेन्द्र शर्मा पुत्र रामपाल शर्मा निवासी फतेहगंज, जनपद बरेली ने मुख्य अभियुक्त का पिता बनकर व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से पीड़िता और उसके परिजनों को झांसा दिया था। साथ ही फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं नियुक्ति पत्र तैयार कराने में सक्रिय सहयोग किया था।
पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त जितेन्द्र शर्मा को कस्बा जलालाबाद से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से रेडमी 13सी मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर दिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में अपराध निरीक्षक रविशंकर यादव एवं कांस्टेबल अंकित कुमार शामिल रहे।
