शाहजहांपुर में जाम और अतिक्रमण पर डीएम सख्त, प्रमुख मार्गों का किया निरीक्षण
टेन न्यूज़ ii 16 मई 2026 ii डीपी सिंह, डेस्क न्यूज़, शाहजहाँपुर।
नगर में बढ़ती जाम की समस्या एवं अतिक्रमण को लेकर जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह शनिवार को सख्त नजर आए। उन्होंने नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी एवं एसपी सिटी देवेंद्र कुमार के साथ शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों, बाजारों और मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कचहरी चौराहा, जीआईसी तिराहा, खिरनी बाग, जेल रोड, बहादुरगंज मार्केट, लकड़ी मंडी, निशात रोड, शहीद पार्क, लाल इमली चौराहा, इमली रोड, रेलवे फटकिया एवं बस अड्डे के आसपास व्याप्त अतिक्रमण और यातायात अव्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने खिरनी बाग रामलीला मैदान एवं जिला कारागार के समीप स्थित गली को व्यवस्थित मार्ग के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही जेल के पीछे पार्किंग व्यवस्था विकसित करने तथा बहादुरगंज मार्केट में अतिक्रमण हटाकर एकल मार्ग व्यवस्था लागू करने को कहा।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नगर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने से पहले व्यापक स्तर पर मुनादी और जनजागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि लोग स्वयं अतिक्रमण हटाएं। इसके बावजूद यदि अतिक्रमण नहीं हटाया जाता है तो संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर नियमानुसार जुर्माना लगाया जाए।
निरीक्षण के दौरान लकड़ी मंडी क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति न बने। जिलाधिकारी ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और नागरिकों को जाम से राहत दिलाने के लिए प्रशासन लगातार अभियान चलाएगा।
