स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य प्रवेश द्वार पर वाहनों की लापरवाही से लगा अवरोध, आपातकालीन सेवाएं प्रभावित
टेन न्यूज ii 18 मई 2026 ii रिपोर्ट: प्रशांत बैश्य ब्यूरो
असम/सोनितपुर। असम के सोनितपुर जिले के ढेकियाजुली खंड प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कुछ गैर-जिम्मेदार लोगों की लापरवाही के चलते मुख्य प्रवेश मार्ग घंटों तक अवरुद्ध रहा, जिससे स्वास्थ्य केंद्र में आने-जाने वाले आपातकालीन वाहनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति ने अपनी चारपहिया वाहन को ढेकियाजुली खंड प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य प्रवेश द्वार पर खड़ा कर वहां से चला गया। वहीं, कुछ स्कूटी और मोटरसाइकिल मालिकों द्वारा भी लापरवाहीपूर्वक वाहन खड़े किए जाने से मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया।
इस अव्यवस्था के कारण लंबे समय तक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों और आपातकालीन सेवाओं के आवागमन में बाधा उत्पन्न हुई। बाद में पत्रकार प्रशांत बैश्य की तत्परता और यातायात पुलिस के सहयोग से मुख्य प्रवेश द्वार को खाली कराया गया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
स्थानीय लोगों ने ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्वास्थ्य केंद्र परिसर में सख्त यातायात व्यवस्था लागू करने की मांग की है।
