बांग्लादेशी और रोहिंग्याओं को डिपोर्ट करने के लिए बनेंगे होल्डिंग सेंटर, सरकार का बड़ा फैसला

टेन न्यूज़ !! २४ मई २०२६ !! शोसल मीडिया डेस्क न्यूज़
दिल्ली/कोलकाता । पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों को लेकर बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने अवैध बांग्लादेशी और रोहिंग्या नागरिकों को उनके देश वापस भेजने के लिए विशेष होल्डिंग सेंटर बनाने के निर्देश जारी किए हैं।
जानकारी के अनुसार राज्य सरकार की ओर से सभी जिलाधिकारियों को लिखित दिशा-निर्देश जारी कर अपने-अपने जिलों में इन होल्डिंग सेंटरों के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने को कहा गया है। प्रशासन का विशेष फोकस सीमावर्ती जिलों और उन इलाकों पर रहेगा, जहां अवैध प्रवासियों के रहने की संभावना अधिक बताई जा रही है।
सरकार द्वारा बनाए जाने वाले इन होल्डिंग सेंटरों का उद्देश्य अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों पर निगरानी रखना और उनकी पहचान की प्रक्रिया पूरी करना है। अधिकारियों के मुताबिक, विभिन्न क्षेत्रों से पकड़े गए अवैध बांग्लादेशी और रोहिंग्या नागरिकों को जेल भेजने के बजाय इन सेंटरों में रखा जाएगा।
जब तक संबंधित एजेंसियां उनकी पहचान की पुष्टि कर कानूनी प्रक्रिया पूरी नहीं कर लेतीं और उन्हें उनके मूल देश वापस भेजने की कार्रवाई पूरी नहीं हो जाती, तब तक उन्हें इन होल्डिंग सेंटरों में रखा जाएगा।
बताया जा रहा है कि विधानसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी ने राज्य से अवैध घुसपैठ खत्म करने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। केंद्रीय नेता अमित शाह ने भी चुनावी सभाओं में अवैध प्रवासियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया था।
अब राज्य सरकार की इस पहल को उसी दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। हालांकि इस फैसले को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस पर विभिन्न दलों की प्रतिक्रियाएं सामने आ सकती हैं।