साहूकारा मोहल्ला स्थित राधारमण खाटूश्याम मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा से पूर्व ढोल-नगाड़ों संग निकली भव्य कलश यात्रा

टेन न्यूज़ !! २४ मई २०२६ !! मुनीश चन्द्र शर्मा
फतेहगंज पूर्वी/शाहजहांपुर । साहूकारा मोहल्ला स्थित राधारमण खाटूश्याम मंदिर में आयोजित होने वाली श्रीमद्भागवत कथा से पूर्व रविवार को नगर में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में महिलाओं ने पीले वस्त्र धारण कर श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया।
कलश यात्रा नगर किनारे बहने वाली बहगुल नदी से प्रारंभ हुई, जहां महिलाओं ने विधि-विधान से कलश में जल भरकर यात्रा की शुरुआत की। इसके बाद बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों की धुन पर श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए नगर भ्रमण करते हुए कथास्थल पहुंचे।
इस दौरान कथा व्यास श्री अमित मोहन व्यास को सुसज्जित रथ पर विराजमान किया गया। यात्रा का नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। कथास्थल पहुंचने पर आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कलश स्थापना एवं पूजन संपन्न कराया।
महंत स्वामी बिष्णु चित्त आचार्य के नेतृत्व में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन 24 मई से 31 मई 2026 तक प्रतिदिन सायं 6 बजे से रात्रि 9:30 बजे तक होगा। कथा व्यास श्री अमित मोहन व्यास श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे। वहीं 30 मई को कथा विश्राम तथा 31 मई को हवन एवं पूर्णाहुति के साथ प्रसाद वितरण होगा।
कार्यक्रम में नगर चेयरमैन संजय पाठक, यशपाल रामू, मोहन अग्रवाल, अभिषेक मिश्रा, मुन्ना अग्रवाल समेत मंदिर कमेटी के अनेक सदस्य मौजूद रहे। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर इंस्पेक्टर क्राइम विकास कुमार एवं कस्बा इंचार्ज लक्ष्मीनारायण पुलिस बल के साथ तैनात रहे।
आयोजकों ने अधिक से अधिक संख्या में भक्तों से कथा श्रवण कर धर्म लाभ उठाने की अपील की है।