एक रात में चोरों ने दो गांवों में बोला धावा, लाखों के जेवर और नकदी पार

टेन न्यूज़ !! २५ मई २०२६ !! ब्यूरो चीफ: रामजी पोरवाल
औरैया। जनपद के फफूंद थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात में दो अलग-अलग गांवों में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देकर लाखों रुपये के जेवर और नकदी पार कर दी। सुबह गृह स्वामियों के जागने पर घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद दोनों पीड़ित परिवारों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पहली घटना थाना क्षेत्र के मुढ़ी गांव में हुई, जहां निवासी राजीव त्रिपाठी के घर शनिवार रात चोर पीछे की गली से जंगले का सरिया तोड़कर अंदर घुस गए। बताया गया कि जिस कमरे से चोर दाखिल हुए वहां कोई नहीं सो रहा था। इसके बाद चोर ऊपर कमरे तक पहुंचे और अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे जेवर व नकदी चोरी कर ले गए।
पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गए सामान में सोने के हार, अंगूठियां, कान के झाले, चूड़ियां, मंगलसूत्र, चेन, पायल, चांदी के बर्तन समेत करीब 10 हजार रुपये नकद शामिल हैं। चोरी गए माल की कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के समय परिवार के सदस्य पास की छत पर सो रहे थे।
दूसरी घटना खोयला गांव में हुई, जहां विपेंद्र सिंह यादव के घर चोर कमरे के रास्ते घुस गए। घटना के समय उनकी पत्नी दीप्ति अपने दो बच्चों के साथ कमरे में सो रही थीं। चोरों ने कमरे में रखी सेफ का लॉक खोलकर उसमें रखे जेवर और नकदी चोरी कर ली तथा घर का पिछला दरवाजा खोलकर फरार हो गए।
पीड़ित के अनुसार चोरी गए सामान में सोने का हार, मंगलसूत्र, चेन, अंगूठियां, कान की बालियां, चांदी के आभूषण और 10 हजार रुपये नकद शामिल हैं। चोरी गए माल की कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।
लगातार दो गांवों में हुई चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। मामले में थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि घटनाओं की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।