रायबरेली में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने प्रस्तुत किया विकास का रिपोर्ट कार्ड

टेन न्यूज़ !! 12 जून २०२६ !! वसीम खान ब्यूरो,
रायबरेली। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रायबरेली के प्रभारी एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने प्रेस वार्ता आयोजित कर केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जनता के समक्ष रखा।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मंत्री राकेश सचान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान भारत ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि देश आज आर्थिक रूप से सशक्त हो रहा है और विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष का कार्य केवल सवाल उठाना और भ्रम फैलाना रह गया है, जबकि सरकार निरंतर विकास और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने में जुटी हुई है।
राकेश सचान ने कहा कि देश के समग्र विकास के लिए गांवों, जिलों और राज्यों का विकास अत्यंत आवश्यक है। सरकार इसी सोच के साथ आधारभूत संरचना, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर रही है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार की नीतियों और योजनाओं के बल पर वर्ष 2047 तक भारत एक विकसित राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर स्थापित होगा।
प्रेस वार्ता में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं मीडिया प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
टेन न्यूज के लिए रायबरेली से ब्यूरो चीफ वसीम खान की रिपोर्ट।