रायबरेली में सड़क पर शव रखकर परिजनों ने किया प्रदर्शन, अटौरा पुलिस चौकी का घेराव

टेन न्यूज़ !! 12 जून २०२६ !! रिपोर्ट: वसीम खान, ब्यूरो लोकेशन: रायबरेली
रायबरेली जनपद के गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के अटौरा गांव में एक व्यक्ति का शव मिलने के बाद मामला तूल पकड़ गया। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर अटौरा पुलिस चौकी का घेराव किया तथा पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई और शव को अंतिम संस्कार के लिए भेजा गया।
मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी लालगंज अमित सिंह ने बताया कि अटौरा गांव में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
सीओ अमित सिंह ने बताया कि मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक विवेचना शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि आज परिजनों ने अपनी कुछ मांगों को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात की थी। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने तथा मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कराने का भरोसा दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार विवेचना के दौरान जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बाइट – अमित सिंह, क्षेत्राधिकारी लालगंज
टेन न्यूज के लिए रायबरेली से ब्यूरो वसीम खान की रिपोर्ट।