बहगुल नदी रेलवे पुल पर ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत

टेन न्यूज़ ii 12 जून 2026 ii पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा, शाहजहांपुर। थाना क्षेत्र के बहगुल नदी रेलवे पुल पर बुधवार रात एक दर्दनाक हादसे में एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कुनिया बिहारीपुर निवासी श्याम सिंह उर्फ पप्पू (30 वर्ष) बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे लखनऊ-दिल्ली रेलवे मार्ग की अप लाइन पर स्थित बहेगुल नदी पुल के पास पहुंचे थे। इसी दौरान दिल्ली की ओर जा रही कोलकाता-जम्मूतवी (सियालदह) एक्सप्रेस की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि शव दो हिस्सों में बंट गया तथा एक हिस्सा पुल के नीचे नदी में जा गिरा।
घटना की सूचना ट्रेन के लोको पायलट द्वारा बिलपुर रेलवे स्टेशन को दी गई। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन सक्रिय हो गया और सुरक्षा की दृष्टि से अप लाइन पर पीछे आ रही बेगमपुरा एक्सप्रेस को मीरानपुर कटरा रेलवे स्टेशन पर कुछ समय के लिए रोककर कॉशन के साथ रवाना किया गया।
रेलवे स्टेशन से मेमो मिलने के बाद मीरानपुर कटरा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार सेंगर ने बताया कि मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने से मृत्यु का प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।