फर्रुखाबाद पुलिस ने बरामद किए 125 खोए मोबाइल, 28 लाख रुपये के फोन मालिकों को लौटाए
टेन न्यूज़ ii 16 जून 2026 ii तौफ़ीक़ फारुकी ब्यूरो
फर्रुखाबाद। फर्रुखाबाद पुलिस ने सर्विलांस की मदद से बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 28 लाख रुपये मूल्य के 125 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने यह जानकारी दी। इस अवसर पर बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए।
जानकारी के अनुसार, ये मोबाइल फोन जनपद के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों के थे, जिनकी गुमशुदगी की शिकायतें पीड़ितों द्वारा पोर्टल के माध्यम से दर्ज कराई गई थीं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस की सर्विलांस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए मोबाइल फोनों को ट्रैक कर बरामद किया।
पुलिस द्वारा बरामद किए गए कुल 125 मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 28 लाख रुपये बताई जा रही है। कई ऐसे पीड़ित भी शामिल रहे, जिनके मोबाइल पिछले छह माह से लेकर एक वर्ष पहले तक खो गए थे।
सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पीड़ितों को बुलाकर उनके मोबाइल फोन वापस किए गए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि फतेहगढ़ पुलिस और सर्विलांस टीम के संयुक्त प्रयास से इन मोबाइल फोनों को बरामद किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार प्रयासरत है कि खोए हुए मोबाइल फोन जल्द से जल्द उनके असली मालिकों तक पहुंचाए जा सकें।