मुआवजा प्राप्त दुकानदारों को सख्त चेतावनी, स्वयं हटाएं अतिक्रमण वरना चलेगी जेसीबी![]()
टेन न्यूज़ ii 22 जून 2026 ii रिपोर्टर: पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा, शाहजहांपुर। बरेली-सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-30) फोरलेन परियोजना के अंतर्गत सोमवार को मीरानपुर कटरा में अतिक्रमण हटाने का व्यापक अभियान चलाया गया। परियोजना प्रबंधक अंजनी कुमार के निर्देशन में कंट्रोल रूम ऑफिसर धर्मेन्द्र सिंह और लोकेन्द्र सिंह की अगुवाई में टीम ने सड़क किनारे बने अस्थायी ढांचे, रेडी-ठेले, टीन शेड, लकड़ी के खोखे तथा अन्य अवरोध हटवाए।![]()
कार्रवाई के दौरान क्रेन, मशीनें और परियोजना से जुड़े कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने पहले लोगों को समझाकर स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए प्रेरित किया। उनका कहना है कि फोरलेन निर्माण कार्य को तय समय में पूरा करने के लिए यह कदम जरूरी है।
धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि जिन दुकानदारों और मकान मालिकों को मुआवजा मिल चुका है, उन्हें करीब आठ दिन पहले मुनादी और सार्वजनिक अनाउंसमेंट के जरिए सूचना दी जा चुकी थी। इसके बावजूद कुछ लोग अब तक कब्जा नहीं हटा रहे हैं, जिससे निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि नोटिस में निर्धारित समय सीमा के भीतर यदि संबंधित लोग स्वयं दुकान या मकान खाली नहीं करते हैं, तो विभाग जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से ध्वस्तीकरण करेगा। प्रशासन ने नगरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए समय रहते सामान सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने को कहा। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे।