फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनवाकर खरीदे हथियार, एसओजी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो गिरफ्तार
टेन न्यूज़ !! २३ जून २०२६ !! अंश कुमार गुप्ता ब्यूरो, ऊधमसिंहनगर/उत्तराखंड
रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस और अवैध हथियारों के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में कोतवाली कुण्डा पुलिस और एसओजी काशीपुर-रुद्रपुर की संयुक्त टीम ने यह सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार जनपद में अपराधियों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत यह कार्रवाई की गई। जांच के दौरान एसओजी टीम को सूचना मिली थी कि कुछ लोग बाहरी राज्यों से फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनवाकर हथियार खरीद रहे हैं और उनका इस्तेमाल भविष्य में आपराधिक गतिविधियों में किया जा सकता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन कराया गया। इसके लिए जिलाधिकारी तरनतारण (पंजाब) कार्यालय से संपर्क किया गया। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित लाइसेंस उनके कार्यालय से जारी ही नहीं किए गए थे और पूरी तरह कूटरचित पाए गए।
इसके बाद पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, फर्जी शस्त्र लाइसेंस तथा मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि फर्जी लाइसेंस तैयार करने वाले गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किन उद्देश्यों के लिए किया जाना था।
ऊधमसिंहनगर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध हथियारों, फर्जी दस्तावेजों और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
टेन न्यूज़ के लिए रुद्रपुर से विशेष रिपोर्ट।