औरैया : जहरीली गैस से भरे कुएं में फंसे युवक की फायरमैन ने बचाई जान![]()
टेन न्यूज ii 06 जुलाई 2026 ii रामजी पोरवाल ब्यूरो
औरैया। जनपद के ग्राम राहतपुर में जहरीली गैस से भरे करीब 60 फीट गहरे कुएं में गिरे एक युवक को फायर ब्रिगेड की टीम ने साहसिक रेस्क्यू अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। फायरमैन ने अपनी जान जोखिम में डालकर युवक को बचाया, जिसकी ग्रामीणों ने जमकर सराहना की।
जानकारी के अनुसार ग्राम राहतपुर निवासी 23 वर्षीय राजू अचानक लगभग 60 फीट गहरे कुएं में गिर गया। कुएं के अंदर जहरीली गैस भरी होने के कारण उसकी जान पर गंभीर खतरा मंडरा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू के दौरान सबसे पहले कुएं के भीतर पानी का छिड़काव कर जहरीली गैस के प्रभाव को कम करने का प्रयास किया गया। इसके बाद फायरमैन गजेंद्र सिंह ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए अपनी जान की परवाह किए बिना कुएं में उतरकर युवक तक पहुंच बनाई और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
समय रहते किए गए इस साहसिक अभियान से युवक की जान बच गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने फायरमैन गजेंद्र सिंह को “फरिश्ता” बताते हुए उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और फायर ब्रिगेड की टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की तथा पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।