औरैया : तमंचा और फरसा लेकर वीडियो वायरल करने वाला युवक गिरफ्तार![]()
टेन न्यूज़ ii 06 जुलाई 2026 ii रामजी पोरवाल ब्यूरो
औरैया। सोशल मीडिया पर तमंचा और फरसा लहराते हुए वीडियो वायरल करना एक युवक को महंगा पड़ गया। अजीतमल थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पूछताछ में पता चला कि वीडियो में दिखाई गई पिस्टल प्लास्टिक की खिलौना थी, जबकि फरसा चारा काटने वाली मशीन के गड़ासे से तैयार किया गया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अजीतमल थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चपटा चौराहे के पास से ग्राम हैदरपुर निवासी ज्ञानचंद शुक्ला उर्फ भूरे (40 वर्ष) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने सोशल मीडिया पर चर्चा में आने और वीडियो वायरल करने के उद्देश्य से मेले से खरीदी गई प्लास्टिक की पिस्टल तथा चारा काटने वाली मशीन के गड़ासे से बने फरसे के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से प्लास्टिक की पिस्टल और फरसा बरामद कर लिया है। उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा भय का माहौल उत्पन्न करने वाली सामग्री प्रसारित न करने की अपील भी की है।