• Mon. Jul 6th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में रेड क्रॉस आजीवन सदस्यता पहचान-पत्र वितरण अभियान का शुभारंभ

ByTen News One Desk

Jul 6, 2026
5 Views

मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में रेड क्रॉस आजीवन सदस्यता पहचान-पत्र वितरण अभियान का शुभारंभ


टेन न्यूज़ ii 06 जुलाई 2026 ii डीपी सिंह, डेस्क न्यूज़

शाहजहांपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा कार्यालय में स्थानीय स्तर पर तैयार किए गए आजीवन सदस्यता पहचान-पत्रों के वितरण अभियान का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में जनपद के प्रख्यात होम्योपैथिक चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. रवि मोहन तथा डॉ. संगीता मोहन ने अपने साथ परिवार के सदस्यों पुत्र कार्तिक मोहन एवं पुत्री वर्तिका मोहन के आजीवन सदस्यता पहचान-पत्र प्राप्त किए। साथ ही दोनों बच्चों को भी रेड क्रॉस की आजीवन सदस्यता दिलाकर मानव सेवा के इस अभियान से जोड़ा।

कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व डॉ. रवि मोहन एवं डॉ. संगीता मोहन ने पुष्पांजलि अर्पित की। इसके पश्चात रेड क्रॉस के जिला सचिव डॉ. विजय जौहरी ने उन्हें रेड क्रॉस का पदक एवं बैज पहनाकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर डॉ. रवि मोहन ने कहा कि इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी जाति, धर्म, वर्ग एवं किसी भी प्रकार के भेदभाव से ऊपर उठकर निस्वार्थ भाव से मानवता की सेवा करने वाला विश्व का अग्रणी मानवीय संगठन है। उन्होंने जनपद के प्रतिष्ठित परिवारों से रेड क्रॉस की सदस्यता ग्रहण कर सेवा कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

डॉ. संगीता मोहन ने कहा कि सफेद पृष्ठभूमि पर अंकित लाल क्रॉस का प्रतीक मानवता, चिकित्सा सहायता, राहत एवं निःस्वार्थ सेवा का वैश्विक प्रतीक है। उन्होंने रेड क्रॉस के सात मूल सिद्धांत—मानवता, निष्पक्षता, तटस्थता, स्वतंत्रता, स्वैच्छिक सेवा, एकता एवं सार्वभौमिकता—का उल्लेख करते हुए कहा कि ये सिद्धांत समाज में सेवा, सहयोग और सद्भाव की भावना को सुदृढ़ करते हैं।

रेड क्रॉस के जिला सचिव डॉ. विजय जौहरी ने कहा कि डॉ. रवि मोहन एवं डॉ. संगीता मोहन द्वारा पूरे परिवार सहित आजीवन सदस्यता ग्रहण करना मानव सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने बताया कि जनपद के अनेक प्रतिष्ठित परिवार पहले से ही परिवार सहित रेड क्रॉस से जुड़े हुए हैं और समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना को मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे परिवारों की सहभागिता से रेड क्रॉस की जनसेवा गतिविधियों को और अधिक मजबूती मिलेगी।

डॉ. रवि मोहन एवं डॉ. संगीता मोहन ने रेड क्रॉस के जिला सचिव डॉ. विजय जौहरी के समर्पित प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जिलाधिकारी के नेतृत्व में जनपद की रेड क्रॉस सोसाइटी ने सेवा, राहत एवं आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं और जरूरतमंदों की सहायता में निरंतर अग्रणी भूमिका निभा रही है।

डॉ. विजय जौहरी ने जनपद के सभी आजीवन सदस्यों से अपील की कि वे अपनी सदस्यता रसीद, आधार कार्ड, पासपोर्ट आकार का फोटो एवं मोबाइल नंबर के साथ जिला शाखा कार्यालय पहुंचकर अपना आजीवन सदस्यता पहचान-पत्र शीघ्र प्राप्त करें।

कार्यक्रम में मुरारी दीक्षित, ओम दिव्यांगजन कल्याण समिति के बालकृष्ण पांडेय, बृजेश गुप्ता, चन्द्रसेन वर्मा, रवि बाबू, रामकुमार सक्सेना, अशोक अग्रवाल, मुनीश कुमार वर्मा, शिवसरन सिंह, रमा देवी, शीला देवी, राजीव राठौर, इमरान खान, अवनीश सक्सेना सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में रेड क्रॉस के जिला सचिव डॉ. विजय जौहरी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए मानव सेवा के कार्यों में निरंतर सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!