रायबरेली: राहुल गांधी पर टिप्पणी से गरमाई राजनीति, कांग्रेस ने भाजपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ दी तहरीर![]()
टेन न्यूज ii 31 जुलाई 2026 ii रिपोर्ट वसीम खान ब्यूरो
लोकेशन रायबरेली
रायबरेली। लोकसभा सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर की गई टिप्पणी को लेकर रायबरेली में राजनीतिक पारा चढ़ गया है। इस बयान के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा लगातार फूट रहा है। मामले में कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी और वरिष्ठ नेता सुरेश पासी की अगुवाई में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सदर कोतवाली पहुंचकर भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल के खिलाफ लिखित तहरीर दी है।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा जिलाध्यक्ष ने राहुल गांधी के खिलाफ अमर्यादित और भ्रामक बयानबाजी की है, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता की भावनाओं को ठेस पहुंची है। सदर कोतवाली में तहरीर सौंपते हुए कांग्रेसियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ तत्काल एफआईआर (FIR) दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर पुलिस प्रशासन ने जल्द ही आरोपी के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस पार्टी चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि निष्पक्ष कार्रवाई न होने की दशा में कांग्रेसी सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
टेन न्यूज के लिए रायबरेली से ब्यूरो वसीम खान की रिपोर्ट