कन्नौज के सोशल मीडिया पर चर्चित यातायात निरीक्षक ने आशा पब्लिक स्कूल में यातायात जागरूकता शिविर में छात्रों को सड़क सुरक्षा का दिया गया संदेश![]()
टेन न्यूज़ ii 22 जुलाई 2026 ii प्रभाष चन्द्र ब्यूरो
कन्नौज। जनपद कन्नौज पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत तिर्वा रोड स्थित आशा पब्लिक स्कूल में यातायात जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी यातायात मयंक मिश्रा के नेतृत्व में टीएसआई आफाक खान द्वारा विद्यालय प्रशासन के सहयोग से आयोजित किया गया।
शिविर में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें डोरिंग एक्सीडेंट और टेलगेटिंग एक्सीडेंट से बचाव के उपाय विस्तार से बताए गए। साथ ही सड़क पर वाहन खराब होने की स्थिति में रेट्रो रिफ्लेक्टिव ट्रायंगल के उपयोग का महत्व समझाया गया।![]()
विद्यार्थियों को हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) की विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि बिना एचएसआरपी नंबर प्लेट के वाहन चलाने पर ₹5,000 तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान सीट बेल्ट और हेलमेट के अनिवार्य उपयोग, नशे की हालत में वाहन चलाने के दुष्परिणाम तथा सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़ों की जानकारी भी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने और अपने परिवार व समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
शिविर में यातायात संबंधी प्रश्नों के सही उत्तर देने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से नशे में वाहन चलाने वालों की जांच की प्रक्रिया का प्रदर्शन कर विद्यार्थियों को उसकी उपयोगिता से भी अवगत कराया गया।