• Wed. Jul 22nd, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

उद्योग बंधु समिति की बैठक में निवेश और रोजगार पर जोर, डीएम ने लंबित रजिस्ट्रियों पर जताई नाराजगी

ByTen News One Desk

Jul 22, 2026
4 Views

उद्योग बंधु समिति की बैठक में निवेश और रोजगार पर जोर, डीएम ने लंबित रजिस्ट्रियों पर जताई नाराजगी


टेन न्यूज़ ii 22 जुलाई 2026 ii प्रभाष चंद्र अंसारी

कन्नौज। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की मासिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन, उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान परफ्यूम पार्क में छह माह से लंबित चार भूखंडों की रजिस्ट्री के मामलों पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा निवेश मित्र पोर्टल पर प्रक्रिया पूर्ण होते ही रजिस्ट्री की सभी औपचारिकताएं तत्काल पूरी कराई जाएं।

मुख्यमंत्री शिक्षुता प्रोत्साहन योजना (सीएमएपीएस) की समीक्षा में बताया गया कि वर्ष 2026-27 के लिए जनपद को 400 प्रशिक्षुओं का लक्ष्य मिला है। इस पर जिलाधिकारी ने आईटीआई, उद्योग विभाग, जीएसटी विभाग तथा संबंधित अधिकारियों को अधिक से अधिक औद्योगिक इकाइयों का एनएपीएस पोर्टल पर पंजीकरण कराने और स्थानीय युवाओं को शिक्षुता प्रशिक्षण से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने उद्योगों और प्रशिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर रोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष बल दिया।

जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, ओडीओपी, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों के ऋण प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण और ऋण वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही उत्तर प्रदेश निर्यात प्रोत्साहन नीति-2025 के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए 15 दिनों के भीतर उद्यमी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा।

बैठक में समाज कल्याण मंत्री के प्रतिनिधि आर.एस. कठेरिया, उपायुक्त उद्योग प्रेमकांत, अग्रणी जिला प्रबंधक डॉ. रंजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि एवं उद्यमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!