तिलहर में बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, निर्धारित स्थलों पर ही होगी सामूहिक कुर्बानी![]()
टेन न्यूज़ ii 23 मई 2026 ii अमुक सक्सेना
तिलहर, शाहजहांपुर। आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए नगर प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। बड़े जानवरों की सामूहिक कुर्बानी को लेकर प्रशासन ने नगर क्षेत्र में कई निर्धारित स्थलों को चिन्हित किया है। प्रशासन ने साफ निर्देश दिए हैं कि तय स्थानों के अतिरिक्त किसी भी अन्य जगह सामूहिक कुर्बानी किए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाल प्रिंस शर्मा ने नगरवासियों से शासन एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों, गलियों, सड़कों या घरों के बाहर खुले में सामूहिक कुर्बानी की अनुमति नहीं होगी।
केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही बड़े जानवरों की कुर्बानी की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि त्योहार को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के माहौल में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस टीम लगातार नगर क्षेत्र में भ्रमण कर रही है और संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
कोतवाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने, भ्रामक पोस्ट डालने, कुर्बानी की फोटो या वीडियो वायरल करने अथवा धार्मिक भावनाएं भड़काने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नगर के सम्मानित नागरिकों, धर्मगुरुओं और संभ्रांत लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
सीओ इशिका सिंह ने बताया कि सामूहिक कुर्बानी के लिए मदरसा शमशिया फैजाने हातिम (कच्चा कटरा), मदरसा अंजुमन इस्लाम (मौजमपुर), मदरसा बरकाती रज़ा (नज़रपुर), चीकू वाला बाग (नितगंजा), छीपी वाली मस्जिद (उमरपुर), महमूद का मकान (मौजमपुर), बहादुरगंज में सादिक का बाग, हाजी वसीम का मकान (मौजमपुर) तथा मदरसा गुलशन रज़ा (उमरपुर) को निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि साफ-सफाई, सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर पालिका एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।