आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मिला डिजिटल सशक्तिकरण का उपहार, स्मार्ट फोन वितरण कार्यक्रम सम्पन्न![]()
टेन न्यूज़ ii 23 मई 2026 ii प्रभाष चन्द्र ब्यूरो
कन्नौज/सौरिख। बाल विकास परियोजना सौरिख के अंतर्गत ब्लॉक सभागार सौरिख में आयोजित एक गरिमामयी कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग कैलाश राजपूत द्वारा 100 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं 03 मुख्य सेविकाओं को स्मार्ट फोन वितरित किए गए। इस अवसर पर कार्यकत्रियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।![]()
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री कैलाश राजपूत ने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण एवं डिजिटल भारत की अवधारणा को साकार करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां समाज के नौनिहालों एवं मातृशक्ति के स्वास्थ्य, पोषण और समग्र विकास में अहम भूमिका निभाती हैं। ऐसे में स्मार्ट फोन उपलब्ध होने से उन्हें विभागीय योजनाओं के संचालन, ऑनलाइन रिपोर्टिंग, पोषण ट्रैकिंग तथा शासन की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में अधिक सुविधा मिलेगी।![]()
उन्होंने कहा कि तकनीक के उपयोग से कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और गति आएगी, जिससे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेगा।
कार्यक्रम में मौजूद आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने सरकार की इस पहल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्मार्ट फोन मिलने से उनके कार्यों को डिजिटल रूप से बेहतर तरीके से संचालित करने में सहायता मिलेगी।
इस दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी, कर्मचारीगण एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।