‘दस्तक’ कार्यक्रम से अपना दल (एस) ने 2027 चुनाव का किया शंखनाद![]()
दानिश जीशान खान बोले— हर बूथ तक संगठन मजबूत कर जनता का विश्वास जीतेंगे
टेन न्यूज़ ii 26 जुलाई 2026 ii @पप्पू अंसारी
बरेली। अपना दल (एस) के बरेली परिक्षेत्र द्वारा रोटरी भवन में आयोजित ‘दस्तक’ कार्यक्रम, स्वागत, सम्मान एवं सदस्यता ग्रहण समारोह में संगठन विस्तार और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर व्यापक चर्चा हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस दौरान वरिष्ठ पदाधिकारियों का सम्मान किया गया तथा नए कार्यकर्ताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपना दल (एस) के वरिष्ठ नेता एवं बरेली परिक्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष दानिश जीशान खान ने कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लक्ष्य बनाकर हर गांव, हर बूथ और हर घर तक पार्टी की नीतियों तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल के विचारों को पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी है और प्रत्येक बूथ पर सशक्त टीम तैयार कर जनता का विश्वास जीतना प्राथमिकता होगी।
दानिश जीशान खान ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को पार्टी की कैप, माला और झंडा भेंटकर सम्मानित किया तथा कार्यकर्ताओं से जनसमस्याओं के समाधान के लिए लगातार जनता के बीच सक्रिय रहने और संगठन को गांव-गांव तक विस्तार देने का आह्वान किया।
वरिष्ठ नेता शैलेन्द्र मिश्रा ने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह ही पार्टी की वास्तविक शक्ति है। समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर संगठन का विस्तार करना होगा, जिससे वर्ष 2027 में अपना दल (एस) एक मजबूत राजनीतिक शक्ति के रूप में उभर सके।
कार्यक्रम में राज्य कार्यकारिणी सदस्य ओमकार पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। संचालन जिला सचिव मनीष कुमार ने किया। बैठक में सदस्यता अभियान, संगठन विस्तार और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष बरेली एडवोकेट अनुज कुमार गंगवार, जिलाध्यक्ष शाहजहांपुर सुनील पटेल, जिलाध्यक्ष पीलीभीत वेद प्रकाश गंगवार, जिलाध्यक्ष बदायूं रोहित पटेल, क्षेत्रीय महासचिव डॉ. ओमपाल गंगवार, निवर्तमान प्रदेश सचिव राजीव पटेल, प्रदेश सचिव पंचायत मंच शिवनंदन सागर, प्रदेश सचिव एससी-एसटी मंच सतीश बौद्ध, जिला सचिव मनीष कुमार, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी पप्पू अंसारी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय, जिला, विधानसभा, सेक्टर एवं बूथ स्तर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में अपना दल (एस) को सशक्त बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।