दलित चौपाल में बोले अरविंद पासवान: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का उद्देश्य अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक न्याय पहुंचाना
टेन न्यूज़ ii 26 जुलाई 2026 ii रिपोर्ट वसीम खान ब्यूरो
लोकेशन रायबरेली
रायबरेली (26 जुलाई 2026): जनपद के बगहा ग्राम सभा में रविवार को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) द्वारा ‘दलित चौपाल’ एवं ‘सदस्यता अभियान’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अभय सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द पासवान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन और नेतृत्व जिलाध्यक्ष अभय सिंह, विधानसभा अध्यक्ष अमित पासी, जिला महासचिव सच्चेलाल पासी तथा प्रदेश महासचिव सुनील सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश महासचिव शारदा श्रीवास्तव एवं प्रदेश महासचिव व मीडिया प्रभारी लोकेश कुमार की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
दलित चौपाल को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द पासवान ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक न्याय, सम्मान और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने सामाजिक न्याय, संविधान की मूल भावना और वंचित समाज के अधिकारों की रक्षा पर बल देते हुए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर जोर देते हुए सदस्यता अभियान को एक जनआंदोलन का रूप देने की बात कही।
भीषण गर्मी और उमस के बावजूद चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं और महिलाओं की उपस्थिति देखने को मिली। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याएं रखीं, जिनके निस्तारण का पार्टी नेतृत्व ने आश्वासन दिया। कार्यक्रम के अंत में दर्जनों लोगों ने लोजपा (रामविलास) की सदस्यता ग्रहण की।
टेन न्यूज के लिए रायबरेली से ब्यूरो वसीम खान की रिपोर्ट