तिलहर में ट्रैक्टर की टक्कर से ई-रिक्शा पलटा, चौकीदार की मौत, चार घायल![]()
टेन न्यूज़ ii 06 जुलाई 2026 ii अमुक सक्सेना
तिलहर (शाहजहाँपुर)। तिलहर-रजनपुर मार्ग पर रविवार देर शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर की टक्कर से ई-रिक्शा सवार चौकीदार की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। सभी मजदूर धान की रोपाई कर अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 8:15 बजे तिलहर-वरी खास संपर्क मार्ग पर गांव दियाखेड़ा के निकट ई-रिक्शा से लौट रहे लोगों को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा सड़क किनारे खेत में पलट गया और उसमें सवार लोग उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने दौड़कर ई-रिक्शा को सीधा किया और घायलों को बाहर निकाला।
हादसे में गांव रजनपुर के चौकीदार करण सिंह (53) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मोहल्ला भक्शी निवासी फूलन देवी, मोहल्ला इमली निवासी दिलशाद, मोहल्ला भक्शी निवासी फूलमती तथा ई-रिक्शा चालक कुलदीप सहित चार लोग घायल हो गए। सभी रविवार को गांव चाहरपुर क्षेत्र में धान की रोपाई करने गए थे और काम समाप्त होने के बाद घर लौट रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी प्रिंस शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जबकि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ई-रिक्शा में कुल आठ लोग सवार थे।
कोतवाली प्रभारी प्रिंस शर्मा ने बताया कि फरार ट्रैक्टर और उसके चालक की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। मामले में तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।