70 वर्ष से अधिक उम्र वालों के आयुष्मान कार्ड जल्द बनेंगे : धर्मेंद्र प्रताप सिंह, डीएम![]()
टेन न्यूज़ ।। 29 सितम्बर 2026 ।। डीपी सिंह, एडिटर इन चीफ
शाहजहांपुर । जिला स्वास्थ्य समिति एवं स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आयुष्मान कार्ड, विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान, दस्तक अभियान और फाइलेरिया आईडीए कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड जल्द बनवाए जाएं। जिन गांवों में आयुष्मान कार्ड कम बने हैं, वहां गांववार सूची तैयार कर पात्र लोगों को चिह्नित किया जाए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सभी आशाओं की एक-एक दिन की ड्यूटी कोटेदारों के यहां लगाकर पात्र लाभार्थियों के कार्ड बनवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने 1 से 31 अक्टूबर तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान और 12 से 31 अक्टूबर तक चलने वाले दस्तक अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। भावलखेड़ा, ददरौल, तिलहर समेत सभी विकासखंडों में तालाबों की सूची तैयार कर साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए।
तिलहर में 19 नवंबर से 7 दिसंबर तक प्रस्तावित फाइलेरिया आईडीए कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा हुई। जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण और अन्य तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। બેઠક में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, सीडीओ उत्कर्ष द्विवेदी, सीएमओ डॉ. विवेक कुमार मिश्रा समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।