असम दर्शन योजना के अंतर्गत तेजपुर में चेक वितरण समारोह आयोजित, विधायक पृथ्वीराज राभा ने लाभार्थियों को वितरित किए अनुदान के चेक

टेन न्यूज़ !! १९ जून २०२६ !! प्रशांत वैश्य ब्यूरो
सोनितपुर/असम । असम की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, धार्मिक एवं पर्यटन धरोहरों के संरक्षण, विकास और प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से संचालित असम दर्शन योजना के अंतर्गत गुरुवार को शोणितपुर जिला आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में चेक वितरण समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में तेजपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पृथ्वीराज राभा उपस्थित रहे। उन्होंने योजना के अंतर्गत विभिन्न लाभार्थियों एवं संस्थानों के प्रतिनिधियों को सरकारी अनुदान के चेक वितरित किए।
इस अवसर पर विधायक पृथ्वीराज राभा ने कहा कि असम की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के संरक्षण में असम दर्शन योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से राज्य के ऐतिहासिक स्थलों, नामघरों, मंदिरों, पर्यटन स्थलों तथा सांस्कृतिक संस्थानों के आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है, जिससे पर्यटन क्षेत्र को भी नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार की यह पहल स्थानीय समुदायों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में सकारात्मक योगदान देगी तथा असम की संस्कृति और विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में सहायक सिद्ध होगी।
समारोह में जिला प्रशासन के अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, योजना के लाभार्थी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। लाभार्थियों ने सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि असम सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के माध्यम से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास कार्यों को गति देने का लक्ष्य रखा गया है। इससे भविष्य में असम के पर्यटन उद्योग को और अधिक सशक्त एवं समृद्ध बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।
रिपोर्ट : प्रशांत वैश्य