केहेरुखंदा में अवैध ढाबे को लेकर तनाव, पड़ोसी पर बीयर की बोतल से हमले के आरोप में ढाबा मालिक गिरफ्तार
टेन न्यूज़ ii 19 जून 2026 ii सोनितपुर (असम) | रिपोर्ट: प्रशांत बैश्य
असम के सोनितपुर जिले के केहेरुखंदा क्षेत्र में संचालित एक कथित अवैध ढाबे को लेकर तनाव का माहौल बन गया है। पड़ोसी व्यक्ति पर बीयर की बोतल से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के आरोप में ढेकियाजुली पुलिस ने ढाबा मालिक नान्टू दत्ता को गिरफ्तार कर लिया है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, नान्टू दत्ता पिछले कई वर्षों से केहेरुखंदा क्षेत्र में कथित रूप से एक अवैध ढाबा संचालित कर रहा था। आरोप है कि ढाबे में अक्सर शराबखोरी, हंगामा और अन्य अप्रिय घटनाएं होती रहती थीं, जिससे स्थानीय लोगों में लंबे समय से असंतोष व्याप्त था। क्षेत्रवासियों ने कई बार इस संबंध में आपत्ति भी जताई, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल सका।
हाल ही में हुए विवाद के दौरान आरोप है कि ढाबा मालिक नान्टू दत्ता ने पड़ोसी एक व्यक्ति पर बीयर की बोतल से हमला कर दिया। हमले में घायल व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, घायल व्यक्ति का इलाज गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (GMCH) में चल रहा है। उसकी हालत को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है।
घायल व्यक्ति के परिजनों द्वारा ढेकियाजुली थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
इस बीच सनातनी वीर हिंदू सेना के नेता मणिकण दास ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित ढाबों के कारण लंबे समय से सामाजिक अशांति बनी हुई है। साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अवैध ढाबों पर प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की गई है।
घटना के बाद केहेरुखंदा क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।