शाहजहांपुर में मंत्री सुरेश खन्ना के द्वारा आपदा पीड़ितों व किसानों को वितरित की गई राहत राशि
टेन न्यूज ii 16 मई 2026 ii डीपी सिंह, डेस्क न्यूज, शाहजहाँपुर।
जनपद शाहजहाँपुर में शनिवार को विकास भवन सभागार में दैवीय आपदा राहत सहायता एवं मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता राशि वितरित करने हेतु कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि सहकारिता विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जे.पी.एस. राठौर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर ददरौल विधायक अरविंद कुमार, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष डी.पी.एस. राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष के.सी. मिश्रा, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविन्द कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मंत्रीगण एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा दैवीय आपदा से प्रभावित परिवारों तथा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के पात्र लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक एवं डमी चेक वितरित किए गए।
मुख्य अतिथि वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने अपने संबोधन में कहा कि किसी व्यक्ति के जीवन का मूल्य नहीं लगाया जा सकता, लेकिन सरकार पीड़ित परिवारों के दुःख को कम करने के उद्देश्य से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर हर संभव मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में आए आंधी-तूफान एवं बेमौसम वर्षा से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुंचाई गई है और प्रदेश सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविन्द कुमार ने बताया कि तहसील तिलहर के ग्राम भीखमपुर खेड़ा बझेड़ा निवासी आदेश पुत्र महेन्द्र की विद्युत पोल गिरने से मृत्यु होने पर उनके आश्रितों को ₹4 लाख की सहायता राशि प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त तूफान के दौरान पशुओं की मृत्यु होने वाले पशुपालकों को प्रति पशु ₹37,500 की आर्थिक सहायता दी गई।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत जनपद शाहजहाँपुर को ₹6.60 करोड़ की धनराशि उपलब्ध कराई गई है, जिससे कुल 157 पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिया जा रहा है। कार्यक्रम में कई लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से डमी चेक भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि सरकार किसानों, श्रमिकों और आपदा प्रभावित परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है तथा पात्र लोगों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
