अजनर थाना क्षेत्र में दर्जन भर से अधिक हथियारबंद लोगों ने दीवार फांदकर घर में बोला धावा, दो बाइक तोड़ी जेवरात और नगदी लूटने का आरोप

टेन न्यूज़ !! २२ सितम्बर २०२६ !! राहुल विश्वकर्मा ब्यूरो, महोबा
जनपद के अजनर थाना क्षेत्र के बम्हौरिया गांव में दबंगों की गुंडागर्दी का सनसनीखेज मामला सामने आया है आरोप है कि 15 से 20 हथियारबंद लोगों ने दिनदहाड़े एक घर की दीवार फांदकर हमला बोल दिया घर में रखी दो मोटरसाइकिलें तोड़ दीं और सोने-चांदी के जेवरात व नकदी लूट कर फरार हो गए घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है पीड़ित परिवार ने एसपी से सुरक्षा की गुहार लगाई है अजनर थाना क्षेत्र के गांव बम्हौरियाँ निवासी रजनी पत्नी थानसिंह, उमा पत्नी लवकुश ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है पीड़िताओं ने बताया कि घटना दिनांक 18 सितंबर की दोपहर के समय रजनी, उसकी पुत्री आरूषि, पुत्र अंश व बहू उमा घर में मौजूद थीं तभी गाँव के ही दबंग सुम्मेर सिंह, कोमल सिंह, शिवप्रसाद, रविन्द्र, बृजेन्द्र निवासी झिंझन व 15-20 अज्ञात लोग दीवाल फांद कर घर के अन्दर घुस आए।
आरोप है कि सभी लोग लाठी-डंडा और अवैध असलहा लिए हुए थे। घर में घुसते ही बुरी-बुरी गालियां देने लगे, घर में खड़ी 2 मोटर साइकिल तोड़ डाली और घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात व 80 से 90 हजार हजार रुपया लूट कर ले गए..
पीड़िता के अनुसार घटना के दौरान वह और उसके बच्चे डर के कारण घर में बंद रहे। उक्त लोग दबंग किस्म के हैं और परिवार के साथ कोई भी बड़ी घटना कर सकते हैं।पीड़ित परिवार ने इस संबंध में पहले स्थानीय अजनर थाने में भी प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन आरोप है कि पुलिस द्वारा कोई कानूनी कार्यवाही नहीं की गई।
जिसके बाद पीड़ित महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर पूरे प्रकरण की जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की मांग की है। एसपी ने मामले की निष्पक्ष जांच करा दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।