• Mon. Jul 6th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

डीएम की अध्यक्षता में जलालाबाद तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 80 शिकायतें प्राप्त

ByTen News One Desk

Jul 6, 2026
7 Views

डीएम की अध्यक्षता में जलालाबाद तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 80 शिकायतें प्राप्त


टेन न्यूज ii 06 जुलाई 2026 ii डीपी सिंह, डेस्क न्यूज़

शाहजहांपुर। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में रविवार को तहसील जलालाबाद में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस में जनपद के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस शासन की प्राथमिकता वाला कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं का प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई पूरी की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

समाधान दिवस के दौरान कुल 80 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, सिंचाई, ग्रामीण विकास, नगर निकाय तथा अन्य विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवश्यकतानुसार स्थलीय निरीक्षण कर तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे जनता को त्वरित एवं प्रभावी समाधान मिल सके।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी जनसुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा, उपजिलाधिकारी प्रभात कुमार राय, परियोजना निदेशक (डीआरडीए) अवधेश राम, जिला विकास अधिकारी ऋषि पाल सिंह, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!