राहगीरों को परेशान कर रहा व्यक्ति गिरफ्तार, पुलिस ने शांति भंग की आशंका में की कार्रवाई

टेन न्यूज़ !! २1 जून २०२६ !! अंश कुमार गुप्ता, ब्यूरो, उधमसिंह नगर/उत्तराखंड
रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत ट्रांजिट कैम्प थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर के पर्यवेक्षण में की गई।
पुलिस के अनुसार दिनांक 19 जून 2026 को सूचना प्राप्त हुई कि शिव एन्क्लेव, वार्ड नंबर-01 में एक व्यक्ति राह चलते लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान कर रहा है, जिससे क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बन रही है। सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैम्प थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
जांच में पाया गया कि चन्दन पाण्डेय पुत्र महेन्द्र नाथ पाण्डेय (उम्र लगभग 37 वर्ष) निवासी शिव एन्क्लेव, वार्ड नंबर-01, सार्वजनिक स्थान पर लोगों को परेशान कर रहा था। उसके व्यवहार से आसपास के लोगों में असहजता का माहौल बन गया था और कानून व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हो गई थी।
पुलिस ने उसे समझाने और शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वह उत्तेजित हो गया तथा झगड़ा-फसाद करने पर आमादा हो गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने लोक शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए उसे हिरासत में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में शांति व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है और भविष्य में भी ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।